इटावा। इकदिल थाना पुलिस ने गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर कस्बा स्थित अस्पताल के पीछे से चोरी की योजना बना रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया। उनके तीन साथी भाग जाने में सफल रहे। आरोपियों के पास से ताले व बक्सों के कुंडे काटने के औजार व चोरी का माल बरामद हुआ। पुलिस भागे हुए चोरों की तलाश में जुटी है।
इकदिल थाने पर पकड़े गए चोरों को पत्रकारों के सामने पेश करते हुए प्रभारी एसएसपी/सीओ सिटी सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि बुधवार की रात थाना प्रभारी राधामोहन द्विवेदी अपने हमराह फोर्स के साथ गश्त कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक कस्बा स्थित अस्पताल के पीछे वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष राधा मोहन द्विवेदी ने हमराह फोर्स के साथ घेराबंदी करके चार चोरों को दबोच लिया, जबकि उनके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग जाने में सफल रहे। पकड़े गए चोरों ने अपने नाम रामू बाथम पुत्र छोटेलाल निवासी भरथना चौराहा, मोहित पुत्र गौरीशंकर निवासी पीएसी गली अशोकनगर, विकास पुत्र देवेश निवासी अड्डा पाय, पुष्पेंद्र पुत्र सुरेशचंद्र निवासी गांधीनगर थाना बकेवर बताया। पूछताछ में उन्होंने भागे हुए साथियों के नाम चंचल धोबी निवासी अड्डा गूलर, सिपाही पुत्र रामऔतार, दरोगा पुत्र रामऔतार निवासी अशोकनगर पीएसी गली बताए।
सीओ ने बताया कि पकड़े गए चोरों के पास से दो गैस सिलेंडर, एक घड़ी, चार चूड़ियां, एक जोड़ी तोड़ियां, कटर सहित अन्य सामान बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि 8/9 नवंबर की रात को उक्त लोगों ने अशोकनगर निवासी राजीव यादव के मकान का ताला तोड़कर सामान चुराया था, जो इनके पास से बरामद हुआ है। बकौल सीओ पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने करीब 15 घरों में चोरी किए जाने की बात स्वीकार की है। गैंग का सरगना दरोगा है, जबकि विकास चोरी का माल बिकवाने में मदद करता था।