बकेवर (इटावा)। थाना क्षेत्र के ग्राम गौतमपुरा से भैयादूज पर अपने भाइयों के तिलक करके भतीजे के साथ साइकिल से आ रही महिला के गले से बाइक सवार लुटेरे सोेने की चेन लूट ले गए। लूट के इस प्रयास में लुटेरों की बाइक गिर गई, जिसे मौके पर छोड़ कर फरार हो गए। महिला भी साइकिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल से आगरा रेफर किया गया है।
थाना पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में शिकोहाबाद जिले के विदरखा गांव निवासी मुन्नीलाल पुत्र रामचंद्र ने कहा कि उनकी पत्नी सियारानी अपने भतीजे मनोज के साथ भैयादूज पर भाइयों का तिलक करके अपनी ससुराल जाने के लिए बकेवर आ रही थी। जैसे ही वह औरैया रोड स्थित पराग डेयरी के सामने आई, पीछे से काले रंग की डिस्कवर बाइक पर सवार तीन लुटेरों ने अचानक गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली। अचानक हुई इस वारदात से साइकिल का संतुलन बिगड़ गया और बाइक के साथ दोनों वाहन गिर गए। लुटेरे बाइक नंबर यूपी 075 एन 0209 को मौके पर छोड़ कर भाग गए। उधर साइकिल से गिरने से महिला के शरीर में गंभीर में चोटें आई हैं। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक देख डाक्टरों ने आगरा के लिए रिफर कर दिया। पुलिस लुटेरों की बाइक को थाना पर ले आई। बकेवर थानाध्यक्ष जेपी पाल ने बताया कि लुटेरों की बाइक बरामद हो गई है। लुटेरे भी शीघ्र ही गिरफ्त में होंगे।