शमसाबाद। मानदेय न मिलने से गुस्साए मनरेगा तकनीकी सहायकाें का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। यह ब्लाक कार्यालय पर ताला डालकर हड़ताल पर बैठ गए। खंड विकास अधिकारी ने मानदेय दिए जाने का आश्वासन देकर ताला खुलवाया।
मनरेगा तकनीकी सहायक/अवर अभियंता वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले शनिवार को तकनीकी सहायकाें ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सोमवार को ब्लाक कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी दी थी। इन्हें 18 माह से मानदेय नहीं मिला है। इन्हाेंने सोमवार को ब्लाक कार्यालय पहुंच कर नारेबाजी की। इसके बाद कार्यालय में ताला डाल दिया। इन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा कि जब तक मानदेय नहीं मिलेगा, तब तक वह हड़ताल जारी रखेंगे। ताला बंद होने से ब्लाक कार्यालय के कर्मचारी बाहर ही रह गए। सूचना मिलने पर बीडीओ विमला देवी और एसओ प्रदीप यादव मौके पर पहुंचे। बीडीओ ने पंचायत मित्रों को समझाया कि शीघ्र ही उन लोगों को मानदेय उपलब्ध करवा दिया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद इन्हाेंने कार्यालय का ताला खोला। इस अवसर पर जिला मंत्री अतुल दुबे, ब्लाक कोषाध्यक्ष सुखलाल यादव, रामसिंह यादव, अभिषेक कुमार, लालबहादुर, ब्रजेश कुमार, कालेश्वर, श्यामा, उषा देवी, पूजा, नीलू यादव, श्याम कुमार और लालमोहम्मद आदि मौजूद रहे।
बाकी विकास खंडाें में भी होगा प्रदर्शन
संगठन के जिलाध्यक्ष अजय कुमार संत ने बताया कि कमालगंज, राजेपुर, मोहम्मदाबाद, बढ़पुर में सात माह का मानदेय नहीं मिला है। नवाबगंज विकास खंड में 24 माह का मानदेय बकाया है। जिले में 37 टीए हैं। मानदेय नहीं मिला तो बाकी विकास खंडाें में भी प्रदर्शन किया जाएगा।