जसवंतनगर (इटावा)। थाना क्षेत्र के गांव नगला विशुन के पास रेलवे ट्रैक किनारे 16 वर्षीय छात्रा का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। छात्रा स्कूल की ड्रेस पहने हुए थी जिससे संभावना जताई जा रही है कि छात्रा किसी आसपास के विद्यालय में पढ़ने वाली है। छात्रा के पास से पुलिस द्वारा बरामद किताब पर नीलम नाम लिखा हुआ था। क्षेत्रीय लोग आशंका जता रहे है कि छात्रा की शव हत्या करके यहां फेंका गया है।
रेलवे कीमेन तेज सिंह मीणा ने मंगलवार दोपहर करीब एक बजे रेलवे ट्रैक पर एक छात्रा का शव पड़ा देखा। उसने मामले की जानकारी तत्काल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद कोतवाल श्रीधर सिंह हमराह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। पुलिस को तलाशी के दौरान शव के पास से एक नोकिया का मोबाइल पड़ा मिला। सूचना क्षेत्र में फैली तो मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। छात्रा के सिर में चोटों के निशान थे। शव पर आसमानी रंग का कुर्ता एवं सफेद सलवार तथा सफेद जूते थे। क्षेत्रीय लोगों ने ड्रेस कस्बे के स्कूल की बताई। पुलिस को शव के पास से ही एक किताब भी मिली जिस पर नीलम नाम लिखा हुआ था। पुलिस ने छात्रा की उम्र करीब 16 वर्ष के आसपास आंकी है। छात्रा के पास मिले मोबाइल से आखिरी कॉल 11 बजकर 23 मिनट पर की गई थी। हालांकि मोबाइल में पुलिस को सिम नहीं मिली। क्षेत्रीय लोगों ने छात्रा की हत्या करके शव यहां फेंके जाने का अनुमान लगाया है। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि अगर छात्रा आत्महत्या करती तो ट्रेन की चपेट में आने से उसके शरीर पर अन्य जगह भी चोटों के निशान होते। छात्रा ट्रेन से गिरती तो भी चोट शरीर के अन्य हिस्सों में होती, लेकिन छात्रा के सिर्फ सिर पर ही चोटों के निशान थे। सीओ अनिल कुमार ने बताया ट्रैक के पास से किशोरी का शव बरामद किया गया है। उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।