इटावा/भरथना। सड़क हादसों में तीन लोगों की सांसे थम गईं। चौबिया थाना क्षेत्र में टकपुरा गांव के पास बाइक की टक्कर से महिला की मौत हो गई। भरथना क्षेत्र के गांव बाहरपुरा के पास एक्सीडेंट में अधेड़ की जान चली गई। बढ़पुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुंडेश्वर के पास बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई।
बुधवार की सुबह चौबिया थाना क्षेत्र के गांव टकपुरा निवासी बारेलाल की 65 वर्षीय पत्नी सावित्री देवी को बाइक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को उसके परिजन जिला अस्पताल लाए। यहां महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया।
मंगलवार की शाम भरथना थाना क्षेत्र में बाहरपुरा गांव के पास किसी वाहन की टक्कर से मंगीलाल (50) पुत्र छक्कीलाल निवासी इटैली घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची 108 नंबर एंबुलेंस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे यहां से मिनी पीजीआई सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बुधवार की दोपहर बाद बढ़पुरा थाना क्षेत्र में कुंडेश्वर गांव के पास दो बाइकों में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार राहुल (20) पुत्र अजय कुमार निवासी कटरा बलसिंह कोतवाली गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की सूचना पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा। रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।