उदी (इटावा)। देवर के साथ बाइक से मामा के यहां जा रही महिला के गले से बाइक सवार लुटेरों ने चंबल पुल के पास सोने की जंजीर लूट ली। लुटेरे वारदात करके इटावा की ओर भाग निकले। महिला ने बढ़पुरा थाना पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने घटनास्थल मध्य प्रदेश का बताकर रिपोर्ट नहीं लिखी।
मध्य प्रदेश के भिंड शहर की 17 बटालियन के पास रहने वाली ज्योति चौहान पत्नी सतेंद्र चौहान मंगलवार की देर शाम अपने देवर के साथ बाइक से शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव नगला खंगर अपने मामा के यहां जा रही थी। चंबल पुल के पास पल्सर बाइक पर सवार होकर आए तीन लुटेरों ने महिला के गले में पड़ी सोने की चेन लूट ली और इटावा की ओर निकल भागे। लूट का शिकार हुई महिला ने उदी गांव पहुंचकर लोगों को घटना की जानकारी दी। लोगों की मदद से महिला ने पूरे मामले की शिकायत बढ़पुरा थाना पुलिस से की।
थाना पुलिस ने शिकायत पर तत्काल जांच कराई, लेकिन मामला दर्ज नहीं किया। थाना पुलिस का कहना है कि घटना उनके क्षेत्र में नहीं हुई है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर गई थी तो घटनास्थल मध्य प्रदेश का पाया। पुलिस ने महिला को मध्य प्रदेश के फूप थाने के लिए रवाना कर दिया।