इटावा। उपचुनाव शांतिपूर्ण निपटाने के लिए प्रशासन ने चक्रव्यूह रच लिया है। विधानसभा क्षेत्र जसवंतनगर को को 21 बैरियरों की घेरेबंदी में रखा जाएगा। 50 सेक्टर पुलिस आफीसर क्षेत्र में हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। प्रत्येक बूथ पर पैरामिलिट्री के जवानों को तैनात किया जाएगा। बूथों की बाहरी सुरक्षा का दायित्व पुलिस को सौंपा गया है।
मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में जिले की जसवंतनगर विधानसभा आती है। 13 सितंबर को उपचुनाव के तहत जसवंतनगर विधानसभा में मतदान होना है। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई हैं। सुरक्षा इतनी चाकचौबंद की गई है कि परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा। विधानसभा क्षेत्र में कुल 409 बूथ और 339 मतदान केंद्र हैं। बूथों की सुरक्षा के लिए 20 कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स के साथ ही पीएसी की तीन कंपनी और एक प्लाटून को तैनात किया गया है। बूथों के बाहर की सुरक्षा का जिम्मा पुलिस को सौंपा गया है।
गड़बड़ी की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए 50 सेक्टर पुलिस आफीसर क्षेत्र में मुस्तैद रहेंगे। जो तत्काल सूचना पर अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था को परखेंगे। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र में 60 कलस्टर मोबाइल टीम, 18 क्यूआरटी टीमों को भी लगाया गया है। विधानसभा क्षेत्र के आसपास 21 बैरियर लगाए गए हैं। इन बैरियरों पर सघन चेकिंग रहेगी और बाहरी व्यक्तियों को मतदान के समय प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कलस्टर मोबाइल टीम का काम यह रहेगा कि कहीं से अगर सूचना आती है कि मतदाताओं को वोट नहीं डालने दिया जा रहा है या फिर उन्हें घर से नहीं निकलने दिया जा रहा है तो यह टीमें सक्रिय होकर कार्रवाई करेंगी। इसके अलावा भारी संख्या में रिजर्व फोर्स को भी रखा गया है। चुनाव में करीब पौने दो सौ दरोगा, 1500 सिपाही और एक हजार होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। पांच जोनल मजिस्ट्रेट के साथ 50 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी निगरानी करेंगे। एएसपी सर्वानंद सिंह ने बताया कि मतदान के दौरान प्रत्येक बूथ पर चाकचौबंद सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।