इटावा। राजकीय और सहायता प्राप्त इंटर कालेजों में तैनात टीचरों से जुड़ी सभी जानकारी अब ऑनलाइन होगी। इसके साथ ही विद्यालय की भौगोलिक स्थिति भी फोटो सहित वेबसाइट पर होगी। वेबसाइट पर एक क्लिक करते ही सारी जानकारी हासिल हो जाया करेगी। प्रमुख सचिव के निर्देश के बाद वेबसाइट में सूचना अपलोड कराने के लिए शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है। सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को इसके लिए निर्देशित किया गया है।
टीचर और विद्यालयों से जुड़ी जानकारी के लिए प्रमुख सचिव के निर्देश के बाद प्रदेश स्तर पर एक वेबसाइट तैयार की गई है। इस वेबसाइट में सभी राजकीय, सहायता व मान्यता प्राप्त इंटर कालेज से जुड़ी सभी जानकारी फोटो सहित अपलोड की जाएगी। इसके साथ ही विद्यालय में तैनात सभी टीचरों की शैक्षिक योग्यता, व्यक्तिगत जानकारी भी दी जाएगी।
बुधवार को राजकीय बालिका इंटर कालेज में एक कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें उपस्थित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को प्रोजेक्टर के जरिए वेबसाइट के विषय और सूचनाओं को अपलोड करने के गुर बताए गए। डीआईओएस ओपी सिंह ने प्रधानाचार्यों से कहा कि इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही न करें और डाटा फीडिंग तीन दिन के भीतर कर दें। वेबसाइट की मानीटरिंग प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा कर रहे हैं। किसी को कोई परेशानी हो तो वह उनके कार्यालय में संपर्क करे। उन्होंने बताया कि सूचना अपलोड होने के बाद वेबसाइट के जरिए कहीं पर किसी भी विद्यालय से जुड़ी जानकारी आसानी से की जा सकेगी।
उन्होंने छात्रवृत्ति और आईसीटी योजना के बारे में भी जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने दशमोत्तर छात्रवृत्ति के संबंध में सभी प्रधानाचार्यों व प्राचार्यों को निर्देशित किया कि नए शिक्षा सत्र के लिए छात्रवृत्ति के लिए यूजर नेम और पासवर्ड समाज कल्याण अधिकारी इटावा के यहां प्राप्त हो गए हैं। विद्यालय यूजर नेम व पासवर्ड प्राप्त करके मांगी गई सूचनाओं को देना शुरू कर दे। जिला समाज कल्याण अधिकारी एनपी गुप्ता ने कहा विद्यालय मास्टर डाटा बेस में रजिस्ट्रेशन 15 जुलाई से पूर्व अनिवार्य रूप से करवा लें।