भरथना (इटावा)। मुख्यमंत्री के पैतृक गांव सैफई से कुछ दूर हैंवरा के पास से लुटेरों ने चालक, खलासी व एक अन्य युवक को बंधक बनाने के बाद गिट्टी से भरा ट्रक लूट लिया। भरथना के एसएबी इंटर कालेज ग्राउंड में गिट्टी खाली करते समय पुलिस को आता देख लुटेरे ट्रक छोड़कर भाग खड़े हुए। पुलिस ने तीनों बंधकों को मुक्त कराया और ट्रक को कब्जे में लिया।
मप्र के भिंड जिला के रानीपुरा गांव निवासी रामवीर ट्रक में ग्वालियर के बउआपुर से गिट्टी भरकर मैनपुरी सोनू शर्मा के यहां जा रहा था। मंगलवार की रात करीब 1:00 बजे इटावा-सैफई मार्ग पर जसवंतनगर क्षेत्र के हैंवरा के पास एक ट्रक रोड पर तिरछा खड़ा होने से चालक रामवीर सिंह ने अपना ट्रक रोक दिया। ट्रक रुकते ही घात लगाए बैठे करीब आधा दर्जन बदमाशों ने तमंचों के बल पर ट्रक को कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने रामवीर के अलावा खलासी प्रमोद सिंह पुत्र वृंदावन निवासी रानीपुरा और खलासी के भाई उदयभान सिंह को पीटा और बंधक बनाकर ट्रक में डाल लिया। लुटेरे ट्रक लेकर भरथना की ओर भागे।
कुछ देर तक ट्रक को लुटेरों ने भरथना रोड स्थित बंबा के पास रोके रखा। अन्य साथियों के आने पर लुटेरे ट्रक लेकर आगे बढ़े और भरथना के एसएबी इंटर कालेज के मेनगेट का ताला तोड़कर ट्रक कालेज परिसर में खड़ा करके गिट्टी पलटने लगे। इसी बीच ड्यूटी खत्म करके भरथना थाने से लौट रहे होमगार्डों वहां से गुजरे। पुलिस वर्दी को देख लुटेरे बाइकों से भाग खड़े हुए। होमगार्डों ने भरथना थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह को सूचना दी। थानाध्यक्ष हमराह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रक में बंधक पड़े तीनों लोगों को मुक्त कराकर उनसे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने ट्रक मालिक को भी फोन से सूचना दी। लुटेरों ने सरिया-पाना से चालक, खलासी और खलासी के भाई को पीटा था। उनके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि सर्विलांस टीम की मदद से लुटेरों की तलाश की जा रही है। लुटेरे ट्रक तो नहीं लूट सके, लेकिन ट्रक की बैटरी, टूल्स सहित तीनों लोगों के पास से दस हजार रुपये व मोबाइल लूट ले गए।
--
आखिर कौन है पंडित जी
बंधक बनाकर ट्रक के केबिन में पडे़ ड्राइवर रामवीर सिंह ने करीब आधा दर्जन बदमाश होने की बात कही। उसने बताया कि ट्रक को लूटने के बाद लुटेरों ने किसी पंडित जी को फोन किया और उनसे गिट्टी खाली कराने के लिए कहा। अब पुलिस इस बात का सुराग लगाने में जुटी है कि आखिर पंडित जी नाम का शख्स कौन है। क्या कोई बिल्डिंग मैटेरियल कारोबारी तो इस वारदात से जुड़ा हुआ है।