इटावा। सोमवार को शहर के हर चौराहे पर जाम लगा रहा। इस कारण दिनभर लोग परेशान होते रहे। जाम का कारण बारावफात की तैयारियां रहीं। ऐसे में बाजार आनेजाने वाले लोगों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ा। खुद पुलिसकर्मियों को जाम खुलवाने में सर्दी में पसीना आ गया।
मंगलवार को बारावफात है। इस कारण शहर के प्रमुख चौराहों व सड़कों पर साज सजावट का कार्य चलता रहा। भारी वाहनों से सजावट को कोई नुकसान न हो इस लिए जगह-जगह भारी वाहन को रोकने के लिए बल्लियां लगाई गईं। इस कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर सोमवार को दिनभर जाम के झाम से लोग जूझते रहे। स्थिति यह रही कि दोपहर में शहर के नौरंगाबाद चौराहा, साबितगंज चौराहा, नगर पालिका चौराहा, तहसील चौराहा सहित बाजार के अन्य चौराहों पर दिनभर जाम लगा रहा। पुरबिया टोला मार्ग पर भी जाम के हालत रहे। जाम देखकर लोग एक रास्ता बदलते तो उन्हें दूसरे रास्ते पर जाम मिलता।
बाजार में दिनभर जाम के हालात होने पर लोगों ने रास्ता बदला और पुराने हाइवे का इस्तेमाल किया। मुगल रोड पर अधिक ट्रैफिक होने के कारण बस स्टैंड तिराहा सहित मालगोदाम तिराहे पर भी जाम लग गया। माल गोदाम तिराहे पर जाम इतना बढ़ा कि लोग फ्लाईओवर तक जाम में फंसे रहे। जो लोग गलियों का सहारा लेकर बाजार में लगे जाम से बचकर मुगल रोड तक आए वह यहां फंस गए। दिनभर शहर में जाम लगे रहने के कारण पुलिस को भी पूरे समय मशक्कत करनी पड़ी।