जसवंतनगर (इटावा)। आगरा रोड पर कस्बे से लगभग एक किमी दूर पीएल फार्म के सामने बेकाबू हुई डीसीएम ने टेंपो सहित कई लोगों को चपेट में ले लिया। इसके बाद डीसीएम डिवाइडर पार कर दूसरी साइड में जाकर रुकी। हादसा शनिवार दोपहर 1:00 बजे का है। तेज रफ्तार डीसीएम ने पहले टेंपो में टक्कर मारी। इससे टेंपो सवार सनी पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी अहीरटोला गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद डीसीएम ने बाइक सवार दुधिया विजय प्रताप ग्राम मोहब्बतपुरा जसोहन को टक्कर मारकर घायल कर दिया। उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई और दूध भी फैल गया। डीसीएम इतने पर भी नहीं रुकी उसने पैदल घर जा रहे ग्राम खुशालपुरा निवासी रामसनेही पुत्र राम दयाल को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया है। जबकि घायलोें को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर भिजवाया। यहां डाक्टराें ने गंभीर रूप से घायल सनी को सैफई पीजीआई रेफर कर दिया।