इटावा। शासन ने जिला अस्पताल परिसर में वातानुकूलित बर्न यूनिट के निर्माण की मंजूरी दे दी है। ले-आउट तैयार हो चुका है और जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा। यूपीपीसीएल संस्था को इसकी जिम्मेदारी मिली है। इसकी स्वीकृत लागत 2.10 करोड़ रुपये है। इसके निर्माण के बाद गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को भी यहीं इलाज की सुविधा मिल सकेगी और उन्हें बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
जिला अस्पताल में अभी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। गंभीर रूप से जले हुए मरीजों को सैफई या अन्यत्र रेफर किया जाता है। ऐसे में काफी अर्से से एक आधुनिक बर्न यूनिट की जरूरत महसूस की जा रही है। फिलहाल ऐसे मरीजों के परिजनों को खर्चा और असुविधा दोनों झेलनी पड़ रही है। अस्पताल की तीसरी मंजिल पर इन मरीजों को भर्ती किया जाता है। करीब छह माह पूर्व जिला अस्पताल परिसर में आधुनिक बर्न यूनिट स्थापित कराने की पहल डीएम स्तर से शुरू हुई थी। जिसे अब शासन की मंजूरी मिल गई है। परिसर में पहले स्थापित ट्रामा सेंटर के बगल में मौजूद जमीन पर बर्न यूनिट बनाई जाएगी। प्रस्तावित बर्न यूनिट में सभी आधुनिक सुविधाएं मुहैया होंगी। गर्मी के दिनों में मरीज के लिए जलन बर्दाश्त के बाहर होती है। लिहाजा बर्न यूनिट पूरी तरह वातानुकूलित होगी। करीब 800 वर्ग मीटर के दायरे में इसकी दो मंजिला इमारत बनेगी। दस बेड की व्यवस्था रहेगी। इस यूनिट को अस्पताल के वार्ड से इंटर कनेक्ट किया जाएगा ताकि मरीजों को देखने में सुविधा रहे। चिकित्सकीय स्टाफ को बाहरी ओर से न आना-जाना पड़े । यूनिट के अंदर माइनर ओपी की सुविधा होगी। जले हुए मरीजों को ढकने के लिए केव उपलब्ध रहेगी। कार्यदाई संस्था के परियोजना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि योजना को शासन की स्वीकृति मिल चुकी है। संभव है कि इसी माह में फाउंडेशन कार्य शुरू हो जाए।