इटावा। शहर के पुरबिया टोला मोहल्ला से शनिवार की रात हर्षोल्लास से झंडा एवं शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा करके एवं झांकियों की आरती उतारकर स्वागत किया गया। शोभायात्रा में डेढ़ दर्जन मनोहारी झांकियां शामिल रहीं। झांकियों को देखने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।
युवा सपा नेता अंशुल यादव ने मां दुर्गा की आरती उतारकर शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाई। शहर के मोहल्ला पुरबिया टोला से शुरू हुई शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई देर रात कालीवाहन मंदिर पहुंची। यहां विधि विधान के साथ झंडा चढ़ाया गया। शोभायात्रा का जगह-जगह भक्तों पुष्प वर्षा करके एवं आरती उतारकर स्वागत किया। शोभायात्रा में सबसे आगे डीसीएम पर चल रहे डीजे पर भक्ति गीत बज रहे थे और युवाओं की टोलियां जमकर नृत्य कर रहीं थीं। इसके पीछे गणेश जी की झांकी और डोल था। इसके पीछे भक्त झंडे को लेकर चल रहे थे। शोभायात्रा में ईसामसीह के साथ वीर वेश में राम, होली, श्रीकृष्ण, बाण गंगा, राजा हरिश्चंद्र, कालिया नाग, द्रौपदी का स्वयंवर, कृष्ण सुदामा, राम दरवार, अष्टभुजी दुर्गा मां आदि देवी देवताओं की मनोहारी झांकियां शामिल रहीं।