उदी (इटावा)। ब्लाक प्रमुख बढ़पुरा का पद लगभग छह माह से रिक्त है। निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किए गए। निर्धारित समय अपराह्न तीन बजे तक मात्र एक नामांकन पत्र प्रदीप सिंह चौहान भाऊपुरा ने दाखिल किया। इससे श्री चौहान का ब्लाक प्रमुख बनना तय हो गया है।
बढ़पुरा के निर्वतमान ब्लाक प्रमुख विवेक भदौरिया को अविश्वास प्रस्ताव पारित कर 8 फरवरी को पदच्युत कर दिया गया था। इस कारण यह पद रिक्त है। मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना एवं अन्य विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। इस कारण शासन से 20 जुलाई क ो प्रदीप सिंह चौहान को प्रमुख के कार्य संचालन के लिए नामित किया गया था। चुनाव आयोग के अधिसूचना जारी किए जाने के साथ रिक्त पदों पर चुनाव को नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई।
इस क्रम में शुक्रवार को प्रदीप सिंह चौहान ने सैकड़ों समर्थकों के साथ दोपहर बाद अपना नामांकन पत्र निर्वाचन अधिकारी/ उप जिलाधिकारी इटावा शैलेंद्र भाटिया के समक्ष दाखिल किया।
इस अवसर पर ब्लाक परिसर में क्षेत्र पंचायत सदस्यों के अतिरिक्त पूर्व विधायक जगवीर सिंह भदौरिया, आदित्य दुबे, जनमेजय सिंह, नगर पालिका चेयरमैन कुलदीप गुप्ता संटू, देवप्रताप सिंह, अजय धाकरे, सुरेश मिश्रा, पं. छक्कीलाल शर्मा, गुड्डू तिवारी आदि मौजूद रहे।