इटावा। गणतंत्र दिवस का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन के साथ ही स्कूल-कालेजों व सामाजिक संस्थाओं ने तैयारी शुरू कर दी है। स्कूल-कालेजों में बच्चे सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस का मुख्य आयोजन होगा। यहां कई स्कूलों के बच्चे मनोहारी प्रस्तुतियां देंगे। 25 जनवरी की शाम से ही सरकारी इमारतें बिजली की सजावट से रोशन होगी। स्टेडियम में दौड़ आदि अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
एसडीएम सदर शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि नगरपालिका प्रशासन को निर्देशित किया जा चुका है कि शहर में स्थापित महापुुरुषों की मूर्तियों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों, मार्गों एवं सड़कों की साफ सफाई कराई जाए। मलिन बस्तियों में साफ सफाई का कार्य किया जाए।
गणतंत्र दिवस के दिन सुबह 7 बजे जीआईसी से प्रभात फेरी शुरू होगी। इसका समापन नगरपालिका परिषद में होगा। सुबह 8:30 बजे सभी सरकारी भवनों में राष्ट्रीय ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान किया जाएगा। सुबह 9:30 बजे से पुलिस लाइन ग्राउंड पर परेड का भव्य आयोजन होगा, जिसमें न्यायिक, प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों के अलावा गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
समाजवादी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष खन्ना यादव के नेतृत्व में विशाल शहीद संदेश यात्रा का आयोजन 26 जनवरी को सुबह 7 बजे फर्रुखाबाद फाटक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शहीद स्मारक नुमाइश प्रांगण पहुंचेगी। इस यात्रा का उद्घाटन पीडब्लूडी मंत्री शिवपाल सिंह यादव करेंगे।
सपा कार्यालय प्रभारी राकेश यादव ने बताया कि पार्टी के जिला कार्यालय पर 26 जनवरी को सुबह 8:30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। उसके बाद गोष्ठी का आयोजन होगा। जिलाध्यक्ष अशोक यादव व महासचिव कृष्ण मुरारी गुप्ता ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वह इस कार्यक्रम में समय से हिस्सा लें।