मवेशी घूम रहे छुट्टा और किसान कर रहे रखवाली
निवाड़ीकला। प्रदेश सरकार के सख्त आदेश के बावजूद अन्ना मवेशियों के लिए बन रही गोशालाओं का निर्माण इस महीने भी पूरा होता नहीं दिख रहा। खेतों में गेहूं की पकी फसल खड़ी है। किसानों की नींद उड़ी हुई है। उनका कहना है कि इस समय यदि उनकी फसल को अन्ना मवेशी बर्बाद करते हैं तो वे भी बर्बाद हो जाएंगे।
वर्ष के शुरुआत मे जिले मे आए सूबे के मुख्यमंत्री ने जनपद के उच्चाधिकारियों को सख्त लहजे मे जल्द से जल्द गोशालाओं के निर्माण की बात कही थी। करीब ढाई महीना गुजर जाने के बाद ग्रामीण क्षेत्र की गोशालाओं का निर्माण पूरा नहीं हो सका है।
इससे अन्ना मवेशी गेहूं की फसल को चौपट कर रहे हैं। ब्लॉक महेवा के उरैंग और भरईपुर में बन रही गोशाला में टीन शेड नहीं पड़ पाया है। ब्लॉक के ही लुधयानी गांव में बन रही गोशाला की अभी तक बाउंड्रीवाल तैैयार नहीं हो पाई है। किसान अतुल कुमार का कहना है कि इस समय गेहूूं की फसल में बाली आ गई है। ऐसे में अगर फसल को अन्ना मवेशी खाते हैं तो बहुत नुकसान होगा। किसान जगदीश का कहना है कि गोशालाएं जल्दी बन जाएं तो किसानों को राहत मिल सकती है।