अमर उजाला ब्यूरो
बकेवर।
महेवा ब्लॉक के सपा ब्लॉक प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई सोमवार को होगी। हाईकोर्ट ने अविश्वास प्रस्ताव की मतगणना पर रोक लगा रखी है।
महेवा के सपाई ब्लॉक प्रमुख प्रमोद यादव के विरुद्ध भाजपा नेता गोविंद त्रिपाठी इकनौर की बीडीसी पत्नी रीना त्रिपाठी ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। जिस पर 30 अक्तूबर को मतदान कराया गया था। जिसमें 70 बीडीसी सदस्यों ने मतदान किया था, लेकिन सपा ब्लॉक प्रमुख के हाईकोर्ट चले जाने से हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान मतगणना पर रोक लगा दी थी। अधिकारियों को अविश्वास प्रस्ताव से संबंधित पूरी फाइल पेश करने को कहा था। हाईकोर्ट ने जिलाधिकारी इटावा को हाईकोर्ट आकर इस बाबत शपथपत्र देने को कहा था, जिस पर निकाय चुनाव के चलते जिलाधिकारी ने हाईकोर्ट से समय मांगा था। इस पर हाईकोर्ट ने 27 नवंबर की तारीख लगा दी थी। जिलाधिकारी इटावा ने अपना शपथ पत्र उच्च न्यायालय में प्रस्तुत तो किया था, लेकिन शाम के समय प्रस्तुत करने से सुनवाई नहीं हो सकी तो फिर 30 नवंबर की तारीख सुनवाई की लगाई थी। एक दिसंबर को मतगणना के चलते सुनवाई की तारीख बढ़ा दी गई। महेवा सपा ब्लॉक प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव का मामला तारीख दर तारीख के बीच उलझा हुआ है। अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के बाद मत मतपेटिका में बंद गिनती का इंतजार कर रहे हैं।भाजपाइयों को इस मतगणना का बेसब्री से इंतजार है।
- महेवा ब्लॉक प्रमुख के मामले की सुनवाई आज
- अविश्वास प्रस्ताव की मतगणना पर हाईकोर्ट ने लगाई थी रोक