पॉलिटेक्निक छात्रों को कार ने कुचला, एक की मौत, सात घायल
- हादसे के बाद कार चालक कार को लेकर भाग गया, छात्रों ने किया हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। सिविल लाइन के संजीवनी अस्पताल के पास शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पैदल जा रहे पॉलिटेक्निक के छात्रों को कुचल दिया। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई। सात छात्र घायल हो गए। चालक स्कॉर्पियो लेकर भाग गया। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल ले आई। जहां दो छात्रों की हालते गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे पीजीआई भेज दिया। कार चालक के न पकड़े जाने से छात्रों में भारी आक्रोश है। छात्रों ने कलक्ट्रेट परिसर में हंगामा कर जिलाधिकारी से आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की है।
आईटीआई चौराहा के पास पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रथम वर्ष के छात्र नीलेश कुमार पुत्र उमाशंकर निवासी मकरसनपुर मौहदा जिला गाजीपुर, ऋषिकेश निवासी जौनुपर व रोहित कुमार पटेल पुत्र अशोक कुमार पटेल निवासी अल्लापुर बड़ागांव जिला बनारस छुट्टी लेकर शुक्रवार रात अपने हॉस्टल से घर जाने के लिए निकले थे। उनके साथी मो. अलीम निवासी दिबियापुर, साईंदर्शन निवासी करछना इलाहाबाद, आलोक यादव निवासी गुरसहायगंज कन्नौज, रितिक कुुमार निवासी महीमपुरवा बहराइच व अभिषेक शुक्ला निवासी कमला नगर सीतापुर उन्हें छोड़ने के लिए रेलवे स्टेशन जा रहे थे। सभी छात्र पैदल थे। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत संजीवनी अस्पताल के पास पीछे से आई काले रंग की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने छात्रों को कुचल दिया। हादसे में रोहित पटेल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य छात्र घायल हो गए। चालक कार समेत भाग गया। घायल छात्रों की चीखपुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षण जितेंद्र कुमार शर्मा फोर्स के मौके पर पहुंच ेेेेऔर घायलों को जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने रोहित पटेल के मरने की पुष्टि कर दी। छात्र रितिक व नीलेश की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को पीजीआई भेज दिया। रितिक के परिजन उसे पीजीआई से आगरा ले गए। पुलिस व कालेज प्रशासन ने हादसे की जानकारी मृतक रोहित पटेल के परिजनों को दी। जानकारी पर उसके पिता व परिजन शनिवार की दोपहर को इटवा पहुंचे। रोहित के शव को देखकर कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्ट मार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बाकी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।