फोटे संख्या 50 बरामद नाव, जाल व कुल्हाड़ी के साथ वन विभाग की टीम
- फोटो : ETAWHA
सेंचुरी क्षेत्र में शनिवार को चोरी छिपे सेंचुरी क्षेत्र में अवैध रूप से जलीय जीवों का शिकार किए जाने पर वन दरोगा की टीम ने छापा मारा तो तीन शिकारी अपनी नाव, जाल व कुल्हाड़ी छोड़कर नदी की दूसरी ओर भाग निकले। शनिवार को हुई इस कार्रवाई के बाद शिकारियों का सामान जब्त करने के बाद उनकी तलाश की जा रही है।
वन दरोगा चंद्रभान सिंह सेंगर ने बताया कि सेंचुरी इलाके में चोरी चुपके जलीय जीवों के शिकार की सूचना पर शनिवार को यमुना नदी हरौली घाट पर छापा मारा गया। वहां पर तीन लोग नदी में जाल फैला रहे थे। टीम को देखकर शिकारी नदी के दूसरी तरफ जंगलों में भाग गए।
मौके से एक छोटी नाव, दो बड़े जाल व एक कुल्हाड़ी बरामद की है। इस दौरान वन जीव रक्षक सूर्यकांत शुक्ला, सिद्धार्थ मौर्य, गोविंद सिंह साथ में रहे।
यमुना और चंबल में माफिया तंत्र इस कदर हावी है कि बड़ी मात्रा में निरंतर मछली का शिकार नौकाओं के द्वारा बेखौफ होकर किया जा रहा है। वन विभाग के चंद लोगों का स्टाफ रखवाली में रात-दिन एक करके इक्का-दुक्का शिकारियों को पकड़ पाता है। ये शिकारी अवैध असलहों से भी लैस रहते हैं।
सेंचुरी क्षेत्र की नदियों से प्रतिदिन लाखों रुपये का मछली का अवैध शिकार होकर सीमावर्ती जनपदों से होकर बड़े शहरों तक पहुंच रहा है। सेंचुरी क्षेत्र की नदियों से मछली का ही नहीं कई अन्य बहुमूल्य जलीय जीवों का भी चोरी चुपके शिकार हो रहा है।