फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश के बीच गिरी बिजली, सात की मौत

Mon, 20 Jun 2016 11:50 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो इटावा
विज्ञापन
बरसते पानी में छाता लगाकर जाते लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जिले में दोपहर बाद झमाझम बारिश के बीच गिरी बिजली से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल झुलस गए। इसके अलावा तीन भैंस की भी मौत हुई है। कई जगह पेड़ गिर गए। कुछ देर के लिए बिजली और संचार सेवा पूरी तरह से ठप हो गई। भरथना संवाददाता के मुताबिक इलाके में बारिश के बीच गिरी बिजली से ग्राम बन्ना पक्काताल मौजा ढकपुरा निवासी आकाश (15) पुत्र नाहर सिंह की मौत हो गई। वह घर के बाहर दरवाजे पर खड़ा था। तभी बिजली गिर गई। इसी गांव में बकरी चराने खेत में गए सुदीप कुमार (18) पुत्र नाहर सिंह, विवेक कुमार (20) पुत्र औसान सिंह, प्रिंस (15)पुत्र तेजवीर सिंह बिजली गिरने से झुलस गए। सभी को सीएचसी भरथना में भर्ती कराया गया। इसी तरह खेत जुताई कर रहे ग्राम मिलकिया खानपुरा निवासी तुलाराम (55) की भी बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि रनवीर की करीब 60 हजार रुपये कीमत की भैंस मर गई। सूचना मिलने पर एसडीएम प्रमोद कुमार तिवारी, तहसीलदार सुभाष चंद्र यादव एवं कानूनगो जगदीश यादव मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन


जसवंतनगर संवाददाता के मुताबिक बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़ी बनकटी गांव निवासी अनीसा (18) पुत्री विनोद कुमार शाक्य, अजय (12)और अंशुल (15) बिजली गिरने से झुलस गए। आनन फानन में उन्हें  सैफई रिम्स ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने अनीसा को मृत घोषित कर दिया।  इसी तरह बढ़पुरा क्षेत्र के नगला अजीत में छत पर काम करते वक्त बिजली गिरने से आकाश (22) पुत्र ब्रह्मलाल की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद पप्पू (23) पुत्र दीनबंधु झुलस गया। पप्पू को सैफई मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। हैंवरा गांव निवासी मुलायम सिंह (60)पुत्र राम भरोसे लाल बारिश के दौरान अपने घर के दरवाजे पर बैठे थे।

बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई।  सैफई थाना क्षेत्र के बरौलीकला गांव में बिजली गिरने से मुकेश (35) पुत्र रामेश्वर दयाल जाटव की मौत हो गई। जबकि बैदपुरा थाना क्षेत्र के रूपपुरा गांव में इसी बिजली के गिरने से रामकुमार की भैंस मर गई। बकेवर संवाददाता के मुताबिक ग्राम वंसियापुर में बिजली गिरने से गांव के ही अवनीश (20) पुत्र प्रेमसिंह झुलस गया और मध्यप्रदेश के बिंडाव निवासी टिंकू (20) पुत्र राजकरन तोमर की मौत हो गई। टिंकू अपनी ननिहाल आया हुआ था। इकदिल थाना क्षेत्र के गुड़हा मुगलपुर नरैनी में श्यामसुंदर की भैंस की मौत हो गई। बसरेहर संवाददाता के अनुसार दोपहर बाद ब्लाक कार्यालय पर बिजली गिरने से कंप्यूटर ठप हो गए। कर्मचारियों को करंट के झटके लगे। करीब 20 मिनट बारिश हुई। कंप्यूटर ऑपरेटर संतोष, राकेश शाक्य एवं लेखा बाबू पंकज को करंट लगा। वहीं बसरेहर के चंपानेर की रानी देवीे पत्नी भानुप्रकाश भी आकाशीय बिजली गिरने से झुलस गईं। इसी तरह बसरेहर के ही संतोषपुर घाट में बिजली गिरने से हरीराम की दो एवं श्याम बिहारी की पांच बकरियां मर गई। वहीं सुनवारा में रामसेवक की भैंस मर गई। जिलाधिकारी डा. नितिन बसंल ने बताया कि संबंधित गांवों में लेखपालों को भेजकर रिपोर्ट मंगाई जा रही है। दैवी आपदा सहायता कोष से अनुमन्य सहायता राशि सभी पीड़ितों को उपलब्ध कराई जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें