इटावा। बकेवर महोत्सव में आयोजित अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता महिला प्रतियोगिता का फाइनल मैच भिंड के क्यारीपुरा की टीम ने गुरुवार को जीत लिया। उसने हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज की टीम को पराजित किया।
रोमांचक फाइनल मैच में मप्र के भिंड के बजरंग क्लब क्यारीपुरा व हिंदू विद्यालय जसवंतनगर की टीम को 13 अंकों से पराजित कर चैंपियन बनी। क्यारीपुरा की टीम ने 30 अंक अर्जित किए। पहले स्पेल के मैच में हिंदू इंटर कालेज की टीम भारी रही। इससे पहले क्यारीपुरा भिंड ने गोहद टीम को 15 अंकों से पराजित किया। वहीं हिंदू विद्यालय जसवंतनगर ने धनुआखेड़ा इटावा की टीम को 18 अंकों से पराजित किया।
इसके अलावा केपीएस क्लब गोहद की खिलाड़ी कुसुम गौड़ को सर्वश्रेठ रेडर और कैचर के रूप में रूबी खान गोहद केपीएस को घोषित किया गया। अखिल भारतीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में ग्वालियर बजरंग क्लब ने 42 अंक प्राप्त अर्जित कर स्टार क्लब बकेवर इटावा को 17 अंकों से पराजित किया।
इस राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान ग्वालियर आर्मी की टीम रही। स्टार क्लब बकेवर इटावा उपविजेता बना। प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी व मुख्य विकास अधिकारी पीके श्रीवास्तव ने विजेता टीम क्यारीपुरा भिंड व उपविजेता टीम हिंदू विद्यालय जसवंतनगर के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।
बकेवर महोत्सव के आयोजक सांसद प्रतिनिधि गोपाल मोहन शर्मा ने मुख्य अतिथि व सीडीओ पीके श्रीवास्तव का स्वागत किया। डीआईओ राजू राणा ने भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। एसएसपी ने फाइनल मैच के खिलाड़ियों व कोच से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर बृजेश शर्मा, पूर्व पीटीआई सुरेंद्र सिंह परिहार, पीटीआई अहेरीपुर इंद्रपाल, आदित्य मोहन शर्मा, राहुल शर्मा, सोमेश अवस्थी, जगराम सिंह, इंस्पेक्टर बकेवर समीर कुमार सिंह, एसएसआई सत्येंद्र भदौरिया मौजूद रहे। संचालन भाजपा नेता आदित्य मोहन शर्मा ने किया।