छिटपुट घटनाओं को छोड़कर जिले में रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। 61.86 प्रतिशत वोटिंग हुई। ये गत विधानसभा चुनाव के मतदान 60.16 प्रतिशत से करीब डेढ़ फीसदी अधिक है। मतदान के दौरान इटावा में दो और भरथना में एक ईवीएम खराब हो गई। जिन्हें बदलना पड़ा। जबकि जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के कटैयापुर और जसवंतनगर कस्बा में सपा-भाजपा समर्थक भिड़ गए। दोनों ओर से पत्थरबाजी हुई।
सूचना मिलने पर डीएम शमीम अहमद व एसएसपी शिवहरि मीणा मौके पर पहुंचे। फोर्स के पहुंचने पर इन जगहों पर स्थिति सामान्य हो गई। जबकि कई लोग मतदाता सूची में नाम दर्ज न होने से मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सके। तीनों सीटों पर सपा, बसपा और भाजपा के मुकाबले की संभावना जताई जा रही है। जिले में इटावा, जसवंतनगर और भरथना सुरक्षित सीट के लिए रविवार को वोट डाले गए। सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई।
ज्यादातर वोटर सुबह के वक्त ही वोट डालने के लिए घरों से निकलते नजर आए। नतीजतन सुबह दो घंटे में यानि सुबह 9 बजे तक 11.39 फीसदी मतदान हो गया था। बूथों पर लोगों की कतारें लगी रही। वोटिंग की यह रफ्तार लगातार जारी रही। सुबह 11 बजे तक 26.37 प्रतिशत और दोपहर करीब एक बजे तक जिले में 40.56 प्रतिशत और दोपहर 3 बजे तक 52.85 प्रतिशत मतदान हो गया था। मतदान की समाप्ति तक जिले में कुल 61.86 प्रतिशत वोट पड़े। इटावा विधानसभा में 59.87 प्रतिशत, भरथना में 61.32 प्रतिशत और जसवंतनगर में 64.52 प्रतिशत मतदान हुआ। आमतौर पर जिले में सामान्य ढंग से वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।