इटावा। शहर के आधा दर्जन से अधिक मोहल्लों में सोमवार की शाम से पेयजल सप्लाई बाधित रही। मंगलवार को पूरे दिन पानी के लिए लोगों को पानी की तलाश में इधर-उधर भटकना पड़ा। जलकल विभाग के जेई ने बुधवार को पेयजल आपूर्ति सही होने की बात कही है।
सोमवार की शाम से मोहल्ला उर्दू मोहल्ला, मड़ैया ख्यालीराम, एसडी फील्ड, स्वरूप नगर, मेवाती टोला में पेयजल सप्लाई बाधित हो गई। मड़ैया ख्यालीराम निवासी सुनील, मनोज, अनिल, एसडी फील्ड निवासी राकेश यादव, विकास यादव, स्वरूप नगर निवासी धर्मेंद्र मिश्रा, रामौतार यादव, राम कुमार, राकेश तथा लालजी, उर्दू मोहल्ला निवासी विवेक यादव, पुनीत दिवाकर आदि ने बताया सोमवार की शाम से पानी नहीं आया। मंगलवार की सुबह पानी न आने से सबसे ज्यादा हुई। मजबूरी में जरूरी काम छोड़कर पानी के लिए हैंडपंप के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
मडै़या ख्याली राम के लोगों ने बताया मंगलवार की सुबह 5 बजे 30 मिनट के लिए पानी आया। 6 बजे जब सोकर उठे तब तक पानी की सप्लाई बंद हो चुकी थी। एसडी फील्ड निवासी प्रमोद रावत ने बताया सुबह पानी न आने से उन्हें भी काफी परेशानी उठानी पड़ी।
ट्रांसफार्मर में खराबी से समस्या
इस बारे में नगर पालिका के जलकल विभाग के अवर अभियंता मुंशीलाल का कहना है कि भरथना बस अड्डा स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर के खराब होने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई। बुधवार की सुबह पेयजल आपूर्ति सुचारु रूप से लोगों को मिलने लगेगी।