बकेवर। थाने के गेट के सामने एक इलेक्ट्रानिक दुकान के बाहर खड़ी शिक्षामित्र की बाइक की डिकी का ताला खोलकर शातिर ने 50 हजार रुपये पार कर दिए। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस शातिर की तलाश कर रही है।
नगला शुक्ल गांव निवासी अवधेश नारायण बाजपेई शिक्षामित्र है। उन्होंने बताया कि बुधवार को बेटे निकेत के साथ बकेवर कस्बा स्थित कोआपरेटिव बैंक से 50 हजार रुपये निकाले थे। रुपये बैग में डालकर डिकी में रख दिए। बेटे का मंगलवार को पर्स गिरकर गया था। इसी का प्रार्थना पत्र लिखने बकेवर थाने के गेट के सामने स्थित
इलेक्ट्रानिक दुकान के पास पहुंचे। यहां पर वह बाइक खड़ी कर प्रार्थना पत्र लिखने लगे। तभी बाइक के पास आए युवक ने डिकी का ताला खोलकर रुपये पार कर दिए। निकेत ने डिकी खुली देख जानकारी पिता व पुलिस को दी। थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी में घटना कैद है। फुटेज के आधार पर चोर की तलाश की जा रही है। बैंक से ही शातिर के पीछे लगने की आशंका जताई जा रही है।