चकरनगर। तहसील क्षेत्र में खाद की किल्लत से किसान परेशान हैं। समितियों पर डीएपी लेने के लिए सुबह से ही किसानों की लंबी कतारें लगने लगी हैं। बंसरी साधन सहकारी समिति पर मंगलवार को डीएपी खाद बांटे जाने की सूचना पर 500 से अधिक किसान खाद लेने पहुंच गए। भीड़ अधिक होने के कारण आधे से ज्यादा किसानों को बिना खाद लिए ही लौटना पड़ा।
किसानों ने बताया कि सिंडौस समिति को बंसरी समिति से अटैच कर दिया गया है। इससे सिंडौस क्षेत्र के किसानों को खाद लेने के लिए करीब 20 किमी का चक्कर लगाकर बंसरी जाना पड़ रहा है। इसके बाद भी खाद मिलने की कोई गारंटी नहीं है। मंगलवार को बड़ी संख्या में किसान सुबह से शाम तक खाद के लिए लाइन में खड़े रहे, लेकिन नंबर नहीं आने पर उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा।
समिति के सचिव नाथू सिंह ने बताया कि मंगलवार को समिति पर 500 से अधिक किसानों की भीड़ पहुंची थी। उन्हें अकेले ही किसानों का मशीन पर अंगूठा लगवाने, रजिस्टर में नाम दर्ज करने और रुपये लेने समेत सभी कार्य करने पड़े। ऐसे में एक दिन में करीब 60 से 70 किसानों को ही खाद वितरित की जा सकी। उन्होंने कहा कि समिति पर डीएपी खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और सभी किसानों को खाद दी जा रही है।
-
मजबूरी में बिना खाद लिए लौटना पड़ा
गढ़ी मंगद निवासी किसान कौशलेंद्र राजावत ने बताया कि वह सुबह डीएपी लेने बंसरी समिति पहुंचे थे, लेकिन शाम तक नंबर नहीं आया। मजबूर होकर उन्हें बिना खाद लिए लौटना पड़ा।
-
नीमडाडा निवासी किसान अभिलाख सिंह ने बताया कि चकरनगर समिति पर खाद का सत्यापन नहीं हुआ है। इसके चलते मंगलवार को वहां खाद का वितरण नहीं किया गया।
सभी समितियों पर खाद भेजी जा रही है। खाद की कोई कमी नहीं है। रोजाना एक गाड़ी भेजी जा रही है। फार्मर रजिस्ट्री होना जरूरी है। सभी किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाएगी। एक दिन में पांच सौ लोगों को खाद वितरण संभव नहीं है।
- कमलेश वर्मा, एआर कॉपरेटिव
फोटो: 32 बंसरी समिति पर किसानों की लगी भीड़। संवाद
फोटो: 32 बंसरी समिति पर किसानों की लगी भीड़। संवाद