फोटो संख्या 14 राजपुर में नाला ओवरफ्लो होने से खेतों में भरा पानी। संवाद
50 किसानों की फसलों को हुआ नुकसान, बारिश से पूर्व सफाई की मांग की गई थी
संवाद न्यूज एजेंसी
जसवंतनगर। ग्राम पंचायत राजपुर तमेरी के मजरा राजपुर में नाले की सफाई ना होने से बरसात का पानी ओवरफ्लो होकर खेतों में भर गया है। इससे लगभग 50 से ज्यादा किसानों की जमीन जलमग्न हो गई है। किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है।
बलरई मार्ग पर बने इस नाले की सफाई काफी समय से नहीं हुई है। इसी नाले के जरिए गांव के घरों से निकलने वाले पानी की निकासी होती है। बरसात होने से पूर्व प्रधान ने इस नाले की सफाई कराए जाने पर कोई ध्यान नहीं दिया जिसके चलते विगत दिनों हुई बारिश से नाला ओवरफ्लो हो गया है और उसका पानी आसपास के खेतों में भर गया है।
ग्रामीण सौरभ दुबे, राम शंकर, मुनेश कुमार, राजकिशोर, राम बहादुर, विनय कुमार, राजेन्द्र सिंह, आदेश कुमार, प्रेम शंकर, दिनेश चंद्र, श्याम किशोर, नीलेश बाबू, सुनीता सहित अन्य लोगों ने बताया कि नाला बंद होने के कारण बरसात का पानी खेतों में भरा हुआ है जिससे किसानों की लगभग 500 बीघा जमीन जलमग्न हो गई है पानी निकासी का कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
उन्होंने बताया कि वह जिलाधिकारी तथा उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दे चुके, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई है। इसके अलावा धान की फसल, दलहन की फसल जलभराव के चक्कर में नष्ट हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि यह नाला आगे बंबा में जाता है अगर यह नाला साफ हो जाए तो जलभराव की समस्या समाप्त हो जाएगी। उन्होंने तहसील में जाकर शिकायत करते हुए इस समस्या का निराकरण कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में ग्राम प्रधान शरण सिंह ने बताया कि जल्द ही नाले की सफाई कराई जाएगी जिससे ग्रामीणों की समस्या का समाधान हो जाएगा।