सैफई। संपूूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को कब्जों की शिकायतें अधिक रहीं। 45 फरियादियों में से एक की भी समस्या का निस्तारण नहीं हो सका।
शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील सभागार में डीएम की अध्यक्षता में किया गया। डीएम अवनीश कुमार राय और एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने शिकायतें सुनीं। डीएम अविनाश कुमार राय ने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के प्रति गंभीर रहने की हिदायत दी। विनोद कुमार निवासी नगला सेऊ और सुरेश चंद निवासी नगला छविनाथ, श्रीचंद हवेली बलभद्रपुर, अकबर सिंह महोला, कृपाराम हरदोई ने अवैध कब्जे की शिकायत की। ऊमराई खरदुली निवासी अभिषेक कुमार ने बताया कि वह आठ माह से चक्कर काट रहा है, लेकिन विरासत नहीं चढ़ाई जा रही है।
कुइयां निवासी देवीदयाल ने जमीन पर कब्जे की शिकायत की। सभी को आश्वासन देकर लौटा दिया गया। इस मौके पर एसएसपी संजय कुमार, सीएमओ डॉ. भगवान दास, डीएफओ अतुल कांत, एसडीएम नम्रता सिंह, एसडीएम न्याय रामदयाल, सीओ नागेंद्र चौबे आदि मौजूद रहे।
22 शिकायतें आईं, एक का ही निस्तारण
भरथना। शनिवार को तहसील सभागार में समाधान दिवस में 22 शिकायतें आई। केवल एक ही शिकायत का अफसर मौके पर निस्तारण कर सके। एसडीएम कुमार सत्यमजीत की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में पाली खुर्द प्रधान संगीता देवी ने ग्राम पंचायत क्षेत्र अंतर्गत नगला चुन्नी की मड़ैया में स्पोर्ट कांप्लेक्स की जमीन से कब्जा हटवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जेतुपुर गांव के ब्रजेश चंद्र ने नाली-चकमार्ग खुलवाए जाने, चढ़रौआ गांव के आलोक कुमार ने गांव में स्थित तालाब की पैमाइश कराने की मांग की। तहसीलदार अशोक कुमार सिंह, नायब तहसीलदार संपूर्ण कुलश्रेष्ठ, खंड विकास अधिकारी प्रतिमा शर्मा आदि मौजूद रहे। (संवाद)
जसवंतनगर में 11 शिकायतें आईं
जसवंतनगर। समाधान दिवस मेें कुल 11 शिकायतें आईं। एसडीएम कौशल कुमार तथा सीओ अतुल प्रधान ने सभी शिकायतों को सुना। उसके तुरंत निस्तारण के आदेश अधीनस्थ अधिकारियों को दिए। ग्राम बाउथ के रजनेश सिंह व शिवकुमार ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने सिंचाई विभाग की नाली तथा आबादी की जगह पर कब्जा कर रखा है। भीखनपुर के रमेश चंद ने नाली बंद किए जाने, कैस्त के शरद कुमार ने चकरोड पर अवैध कब्जे की शिकायत की। इस दौरान तहसीलदार प्रभात राय, नायब तहसीलदार अवनीश कुमार मौजूद रहे। (संवाद)