इटावा। माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं आज यानिकी 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। जिले के 67 केंद्रों पर कुल 42,812 परीक्षार्थी अपनी मेधा का प्रदर्शन करेंगे। परीक्षा को नकलविहीन और शुचितापूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने चक्रव्यूह तैयार किया है। पहले दिन दोनों ही वर्गों में मुख्य रूप से हिंदी का प्रश्नपत्र होगा।
सत्र 2026-27 की इस परीक्षा में हाईस्कूल के 21,627 और इंटरमीडिएट के 21,185 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा दो पालियों में संचालित होगी। प्रथम पाली सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक और द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 से शाम 5:15 तक संपन्न करवाई जाएगी।
मंगलवार को बोर्ड की ओर से नियुक्त की गई पर्यवेक्षक प्रतिभा मिश्रा और डीआईओएस अतुल कुमार सिंह ने कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। डीआईओएस ने बताया कि पूरे जिले को छह जोनल और नौ सेक्टर में विभाजित किया गया है।
हर केंद्र पर सीसीटीवी के जरिए लखनऊ और प्रयागराज तक लाइव वेबकास्टिंग होगी। जिले के 67 केंद्रों में से तीन को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, जहां अतिरिक्त फोर्स तैनात रहेगी। निगरानी के लिए 67 केंद्र व्यवस्थापक और इतने ही स्टेटिक मजिस्ट्रेट मुस्तैद किए गए हैं।