अमर उजाला ब्यूरो
बकेवर।
पुलिस ने हाईवे पर टूरिस्ट बस में पकड़े 54 बोरी सिक्कों की गिनती व तौल बुधवार को दो आरोपियों व पांच लोगों की कमेटी के सामने कराई गई। 31 क्विंटल से अधिक सिक्के 15 लाख 39 हजार के निकले, जो कानपुर से दिल्ली जा रहे थे। एसओ ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।
करीब चार दिन पहले पुलिस ने बकेवर बाईपास हाईवे पर मुखबिर की सूचना पर रात को कानपुर से दिल्ली जाने वाली एक टूरिस्ट बस को पकड़ा था। बस में सवारियों के अलावा 54 बोरियां भी थीं। जिनमें 1 से 5 रुपये के सभी प्रकार के सिक्के थे। एसओ बकेवर आलोक राय ने सिक्कों की गिनती कराने के लिए स्टेट बैंक की शाखा को पत्र लिखकर मदद मांगी थी। बैंक शाखा से कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने पांच लोगों की एक कमेटी के सामने सिक्कों की गिनती बुधवार को कराई। कमेटी में दो आरोपी बस के चालक, परिचालक मजनू टीला सिविल लाइंस दिल्ली निवासी अमरजीत , रेहसान नंदगंज गाजीपुर निवासी सुनील कुमार व थाना क्षेत्र के तीन प्रतिष्ठित लोग डॉ. संजय दीक्षित बकेवर, अजय तिवारी महेवा, राममनोहर तिवारी बहेड़ा के सामने गिनती कराई गई। एसओ आलोक राय व कस्बा इंचार्ज बिजेंद्र शर्मा व बराऊख चौकी इंचार्ज नीरज शर्मा की देखरेख में पुलिस कर्मियों ने सिक्के तौले तो उनका वजन 31 क्विंटल 51 किग्रा 660 ग्राम निकला। गिनती में सिक्के कुल 15 लाख 39 हजार के निकले। जिसमें एक रुपये के छोटे सिक्के की सात बोरियों में प्रति बोरी 15 हजार मूल्य के व एक रुपये के बड़े सिक्के की आठ बोरियों में प्रति बोरी 18 हजार मूल्य के व दो रुपये के छोटे सिक्के 17 बोरी 20 हजार प्रति बोरी, दो रुपये के बड़े सिक्के की आठ बोरी प्रति बोरी 18 हजार व पांच रुपये के गोल्डन सिक्के नौ बोरी में प्रति बोरी 80 हजार व पांच रुपये के गिल्ट के पांच बोरी प्रति बोरी 30 हजार के हिसाब से 54 बोरी में कुल 15 लाख 39 हजार रुपये के निकले। इन सिक्कों को गिनती के बाद सुरक्षित रखवा दिया गया है। एसओ बकेवर ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। मुकदमा दर्ज करने के बाद सिक्कों की तस्करी में शामिल आरोपियों की धरपकड़ की जाएगी।
- 15 लाख 39 हजार के निकले सिक्के
- पुलिस ने कराई सिक्कों की तौल व गिनती
- टूरिस्ट बस से 54 बोरियों में मिले थे सिक्के
- पुलिस कर रही रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी
फॉलोअप