ताखा। क्षेत्र के समथर गांव में प्रशासन ने कब्जेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चारागाह की करीब 40 बीघा सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया। प्रशासन की कार्रवाई से कब्जेदारों में हड़कंप मच गया।
एसडीएम ताखा विजय प्रकाश मिश्रा के निर्देश पर बुधवार को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की। टीम ने चारागाह की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाकर सरकारी भूमि को मुक्त कराया। बताया कि इस भूमि पर कुछ लोगों ने प्रशासन की चेतावनी के बावजूद फसल बो रखी थी।
राजस्व टीम में राजस्व निरीक्षक रघुराज सिंह, लेखपाल प्रवीण कुमार, शिवम कुमार और शीलेश कुमार समेत अन्य कर्मचारी ने पैमाइश के बाद कब्जे वाली भूमि को चिन्हित कर कार्रवाई की। एसडीएम विजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि कब्जे वाली भूमि पर खड़ी फसल को कुर्क कर सरकारी संपत्ति में शामिल कर लिया गया है। वहीं, जो फसल अभी कटाई योग्य नहीं थी उसे कटवाकर समथर स्थित गोशाला भेज दिया गया है। इससे गोशाला में गोवंश के लिए चारे की व्यवस्था हो सकेगी।