फोटो संख्या 09 ग्राम पिपरौलीगढिया में चम्बल नदी में डूबे युवाओं को खोजते ग्रामीण गोताखोर
- फोटो : ETAWHA
पिपरौली गढ़िया गांव के पास चंबल नदी में मंगलवार को नहाने गए पिता-पुत्र समेत चार ग्रामीण पानी में बह गए। बेटे की डूबने से मौत हो गई। पिता समेत दो लोग बचा लिए गए हैं, जबकि एक किशोर का पता नहीं चला है।
सहसो थाना क्षेत्र के पिपरौली गढ़िया गांव निवासी शेर सिंह परिहार (35), उनका बेटा अरुण (16), अजय सिंह परिहार एवं नितिन सिंह परिहार (16) मंगलवार सुबह 10 बजे चंबल नदी में नहाने पहुंचे थे।
नदी के पानी में घुसने पर वे घुमावदार धारा में फंस गए। युवकों के चीखने चिल्लाने पर नदी के दूसरी छोर पर मौजूद पालीघार गांव के तैराक ग्रामीणों ने नदी में छलांग लगा ली।
ग्रामीणों ने शेर सिंह व अजय को बचा लिया। जबकि अरुण व नितिन पुत्र पप्पू सिंह गहरे पानी में लापता हो गए। सूचना पर एसडीएम चकरनगर सत्यप्रकाश मिश्र, सीओ मस्सा सिंह व थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने गोताखोरों की मदद लेकर पानी में डूबे लोगों को निकालने के प्रयास शुरू किया। करीब दो घंटे बाद अरुण को पानी से बाहर निकाला गया। जिसे राजपुर सीएचसी लाया गया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक अन्य लापता युवक नितिन की तलाश जारी है। वन विभाग की मोटरबोट के जरिये गोताखोर खोजवीन में जुटे हैं। फिलहाल उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
सीओ मस्सा सिंह ने बताया कि गोताखोरों की मदद से एक लापता किशोर की तलाश की जा रही है। चंबल नदी में चार लोग डूबे थे। दो लोगाें को बचा लिया गया। एक किशोर की डूबने से मौत हो गई।