इटावा। करीब पौने तीन करोड़ की लागत से इटावा विधानसभा क्षेत्र में चार सड़कें बनाई जाएंगी। शासन ने इन सड़कों के लिए 2:80 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर दी है। टेंडर हो चुका है, जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इनमें शहर को करनपुरा श्मशान घाट होकर मानिकपुर मोड़ बाईपास से जोड़ने वाले मार्ग भी शामिल है। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए इस मार्ग का मुददा सदर विधायक सरिता भदौरिया ने विधानसभा में भी उठाया था। चारों सड़कें बढ़पुरा विकास खंड में आती हैं।
श्मशान घाट से कुछ दूर स्थित पडराय बाबा हनुमान मंदिर जाने वाले भक्तों व व्यापारियों ने सदर विधायक से श्मशान घाट वाली सड़क को मानिकपुर मोड़ से जोड़ने की मांग की थी। बारिश के दौरान मंदिर तक जाने में लोगों को काफी परेशानी होती है। सुनवारा बाईपास से पडराय हनुमान मंदिर होकर श्मशान घाट तक सीसी सड़क बनाने में 60.47 लाख रुपये की लागत आएगी।
अन्य सड़कों में गांव पृथ्वीपुर मुख्य सड़क से प्राइमरी पाठशाला जोधपुरा तक की सड़क पर 39.86 लाख, एनएच-दो फूफई से महताब के खेत तक की सड़क पर 74.02 लाख और विक्रमपुर में सारंगपुरा मोड़ से विक्रमपुर गांव तक सड़क पर 106.21 लाख रुपये की लागत आएगी।