इटावा में कटहल के साथ गांजा छिपाकर तस्करी करने वाले चार शातिरों को पुलिस ने पकड़ा है। बोरियों में 128 किलो गांजा बरामद हुआ है। इसकी कीमत 26 लाख रुपये है। आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर राजस्थान के अलवर जा रहे थे। एसएसपी संजय कुमार ने बताया कि सोमवार रात फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक डीसीएम में कटहल के साथ गांजे की खेप राजस्थान के अलवर ले जाई जा रही है।
सूचना पर पुलिस ने पक्का बाग ओवरब्रिज पुल के नीचे चेकिंग की। कानपुर की तरफ से आ रही डीसीएम को पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। उसमें सवार चार लोगों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर डीसीएम में कटहल के नीचे गांजे से भरी 60 बोरियां मिलीं।
आरोपियों के नाम वीरेंद्र सिंह निवासी उस्मानपुर थाना खदौंली आगरा, अभय यादव निवासी नगला नया थाना इकदिल, राकेश चौधरी निवासी थाना मिथनपुरा मुजफ्फरपुर बिहार और सुनील गुप्ता निवासी रूरगंज थाना बिधूना औरैया हैं। वीरेंद्र हत्या के आरोप मेें जेल जा चुका है। राजेश एनडीपीएस में जेल गया है।