उझियानी के निकट गलत साइड से आ रही समाजवादी एंबुलेंस की टक्कर से बच्चों से भरी स्कूली वैन पलट गई। इस घटना में वैन में सवार तीन बच्चे घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने मौके पर जाकर वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल भेजा।
बकेवर क्षेत्र के ग्राम सराय नरोत्तम के पास स्थित अवध इंटर नेशनल एकेडमी में पढ़ने वाले बच्चों से भरी वैन अहेरीपुर क्षेत्र से बच्चों को लेकर ग्राम रजपुरा होकर हाईवे पर आ रही थी। महेवा की ओर से गलत साइड से तेज गति से आ रही समाजवादी एंबुलेंस चालक की लापरवाही से स्कूली बच्चों से भरी वैन से टकरा गई। इस घटना से वैन पलट गई इससे उसमें सवार बच्चों की चीखपुकार मच गई।
आसपास के लोगों ने मौके पर जाकर वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और वैन को सीधा किया। एंबुलेंस का चालक मौके पर ही एंबुलेंस छोड़कर भाग गया। घायल बच्चों में अनुज(10) पुत्र भारत सिंह निवासी यदुवंश नगर अजीतमल औरैया, सौम्या एवं उत्तम जो कि भाई बहिन निवासी ग्राम दांदरपुर बकेवर घायल हो गए। मौजूद लोगों ने घायल बच्चों को तत्काल महेवा अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर महेवा चौकी इंचार्ज अंसारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर घटना की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।