महेवा कस्बे में अब सांसद आदर्श ग्राम योजना से पेयजल व्यवस्था होगी। केंद्र सरकार से इसके लिए 3 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी मिल गई है। पहली किस्त के रूप में एक करोड़ रुपये अवमुक्त भी किए जा चुके हैं। काम शुरू कराने के लिए जलनिगम ने टेंडर निकाले हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद आदर्श ग्राम योजना 2015 अगस्त में शुरू की थी। इसका उद्देश्य है कि हर सांसद अपने क्षेत्र में एक गांव को गोद ले और सांसद निधि से उस गांव का विकास कराए। जिले में भाजपा सांसद अशोक दोहरे ने भी इसी कड़ी में महेवा ब्लाक के कस्बा महेवा को गोद लिया है। इस कस्बे की हालत अन्य गांवों से जुदा नहीं है। जलभराव, बदहाल गलियां, पेयजल संकट आदि तमाम दुश्वारियाें से गांव के लोग जूझ रहे हैं। अब एक साल बाद केंद्र सरकार ने योजनागत लाभ देना शुरू किया है। जिसके तहत 3 करोड़ की लागत से कस्बे में पानी मुहैया कराया जाएगा।
ये काम होगा
पानी की दो टंकियां, एक ट्यूबवेल और पाइप लाइन बिछाई जाएंगी। ग्राम्य विकास निदेशालय से सीधे जलनिगम को एक करोड़ रुपया भी उपलब्ध कराया गया है।