इटावा/भरथना। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को जिले में दो स्थानों पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें 245 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इसमें बड़ी संख्या में वर-वधू के परिजन शामिल हुए। पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।
शहर के नुमाइश मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 87 और भरथना के एसएवी इंटर कॉलेज प्रांगण में 158 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामा। एसएवी में आयोजित कार्यक्रम में भरथना, चकरनगर व ताखा के सभी ब्लॉक, नगर पालिका व नगर पंचायत के वर और वधू शामिल हुए। भरथना ब्लॉक के 30, ताखा ब्लाॅक के 41, महेवा ब्लाॅक के 64, चकरनगर के नौ के अलावा नगर पालिका परिषद भरथना के 13, नगर पंचायत बकेवर का एक जोड़ा शामिल रहा। सभी जोडों ने अपने माता-पिता, परिजन व रिश्तेदारों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच अग्नि को साक्षी मानकर एक-दूसरे के साथ सात फेरे लिए।
नगर पालिका परिषद भरथना के चैयरमैन अजय कुमार यादव गुल्लू , उपाध्यक्ष दीपकनाथ चौधरी बद्री, मंडल अध्यक्ष ओमप्रताप सिंह गौर, राजेश तिवारी, गोविंद रावत, कुलदीप यादव रहे।
अब तक हो चुके 911 जोड़ों के विवाह
जिला समाज कल्याण अधिकारी रविंद्र कुमार शशि ने बताया कि 1103 मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के लक्ष्य के सापेक्ष 911 विवाह करवाए जा चुके है। इसमें सोमावार को हुए 245 विवाहों को भी शामिल किया गया है। 31 मार्च तक बचा लक्ष्य भी हासिल कर लिया जाएगा।