फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा की टीम ने न्यू सिटी डाकघर में खंगाले रिकार्ड

विज्ञापन
विज्ञापन
इटावा। नई मंडी स्थित अशोक नगर उप डाकघर में हुए गबन मामले की जांच के लिए शुक्रवार को आगरा पोस्टमास्टर जनरल आफिस से दो सदस्यीय टीम ने न्यू सिटी उप डाकघर में सघन जांच पड़ताल की। इस कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया। टीम ने खातों से हुए लेनदेन का ब्यौरा जुटाया और तमाम नये व पुराने रिकार्ड खंगाले। टीम में शामिल अधिकारियों ने कार्रवाई के बारे में कोई खुलासा नहीं किया। इस मामले में आरोपी उप पोस्टमास्टर एनएस चौहान निलंबित होने के बाद से फरार है। अशोकनगर उप डाकघर से दस खातेदारों के खातों से 26.77 लाख रुपये का गबन जांच में सामने आया है।
विज्ञापन


नई मंडी परिसर स्थित अशोकनगर ब्रांच का सब पोस्टआफिस स्थापित है। फरवरी में सीडीओ के स्टेनो दीपराज की लिखित शिकायत के बाद गबन किए जाने का मामला चर्चा में आया है। स्टेनो ने डाक अधीक्षक से शिकायत की थी कि उनके खाते से रकम निकली और फिर जमा हो गई। जबकि उन्होंने ऐसा कोई लेनदेन नहीं किया है। इसकी जांच करा ली जाए।

डाक अधीक्षक मनोज कुमार ने परिवाद निरीक्षक तबरेज आलम व ऋषिराज से जांच करवाई तो मामला खुलता चला गया। करीब एक हजार खातों को चेक किया गया। गबन की खबर लगने पर तमाम खातेदार खुद ब खुद अपना अकाउंट चेक कराने पहुुंचे थे। जांच में दस खातेदारों के 26.77 लाख रुपये निकाले जाने की पुष्टि हुई। इस पर विभाग ने उक्त सब पोस्ट आफिस के सब पोस्टमास्टर एनएस चौहान के खिलाफ फ्रेंड्स कालोनी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।
विज्ञापन


गबन के इस मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई। डाक अधीक्षक ने आगरा के पोस्टमास्टर जनरल क्षेत्रीय आफिस जाकर पूरे मामले से अवगत कराया। यह मामला लखनऊ सीपीएमजी व पीएमओ तक पहुंचा है। इसी के चलते शुक्रवार को आगरा आफिस से सहायक डाक अधीक्षक वीके शुक्ला व आरपी श्रीवास्तव को यहां जांच के लिए भेजा गया। इस जांच कार्य को बेहद गोपनीय रखा गया।

अमर उजाला ने जांच अधिकारी श्री शुक्ला से मोबाइल पर बात की तो उन्होंने जांच से जुड़े तथ्यों का कोई खुलासा नहीं किया। उन्होंने इतना बताया कि न्यू सिटी उप डाकघर में जांच की गई है। वहीं, डाक अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि गबन मामले में जांच के लिए क्षेत्रीय कार्यालय से टीम आई है।

न्यू सिटी सब पोस्ट आफिस में भी हुआ गबन
नई मंडी के अलावा आरोपी सब पोस्टमास्टर एनएस चौहान न्यू सिटी सब पोस्ट आफिस में भी तैनात रहा है। उसकी तैनाती के दौरान खाते से रकम निकाले जाने की शिकायत भी डाक अधीक्षक से की गई है। हालांकि इस शिकायत की अभी जांच नहीं हुई है। एसडी फील्ड निवासी अधिवक्ता ने न्यू सिटी उप डाकघर के खाते से करीब साढ़े 17 लाख रुपये निकाले की शिकायत की है। माना जा रहा है कि आगरा की जांच टीम ने इसी आधार पर न्यू सिटी उप डाकघर का रुख किया है।

हाई लेबल तक की गई हैं शिकायतें
विभागीय स्तर के अलावा जिन खातेदारों के खातों से रुपये निकले हैं। उन खातेदारों ने भी इसकी शिकायतें हाई लेबल तक पहुंचाई हैं। इसके चलते यह मामला पीएमओ तक पहुंच गया है। विभागीय अधिकारी भी मान रहे हैं कि गबन का यह मामला दिल्ली तक पहुंच गया है।

सीबीआई टीम भी कर सकती है जांच
शुक्रवार को आई टीम को लेकर व्हाट्सअप पर सीबीआई टीम के आने की चर्चा रही। हालांकि जब इस संबंध में डाक अधीक्षक मनोज कुमार से जानकारी की तो उन्होंने सीबीआई टीम के आने पर अनभिज्ञता जताई। हालांकि उनका कहना रहा कि चूंकि मसला पीएमओ तक पहुंच गया है। इसलिए सीबीआई टीम भी जांच को आ सकती है। वैसे उन्होंने अपने स्तर से सीबीआई जांच के लिए नहीं लिखा है।

इन खातेदारों के निकली है रकम
नई मंडी स्थित उप डाकघर से जिन दस खातेदारों के खातों से रकम निकली है। डाक अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार उनमें राम सिंह के खाते से 3.80 लाख रुपये, अर्पण कुमार के 37 हजार रुपये, दिलीप कुमार के 1.70 लाख रुपये, नरेंद्र पाल सिंह के 3.50 लाख रुपये, अरुण कुमार शर्मा के 6.35 लाख रुपये, अभिषेक सक्सेना के 4.50 लाख रुपये, अंकित कुमार के 1.35 लाख रुपये, उमेश चंद्र के 50 हजार रुपये, राम संजीवन के एक लाख रुपये और जितेंद्र सिंह के 3.40 लाख रुपये शामिल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें