अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। भागलपुर से आनंद विहार जा रही 12367अप विक्रमशिला एक्सप्रेस का इंजन सोमवार सुबह करीब 11 बजे इकदिल नहर पुल के पास फेल हो गया। अप लाइन पर करीब 40 मिनट तक ट्रैक ठप रहा। दूरंतो, रीवा सहित कई एक्सप्रेस ट्रेनें पीछे के स्टेशन पर रुकी रही। इटावा से मालगाड़ी का इंजन मंगाकर ट्रेन को इटावा स्टेशन लाया गया। इसके बाद दूसरी मालगाड़ी का इंजन लगाकर ट्रेन को आगे रवाना किया गया। ट्रेेन अपने निर्धारित समय से करीब छह घंटा की देरी से पहले से चल रही है।
रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक जब ट्रेन इटावा आ रही थी, उसी दौरान खंभा नंबर 1151/13 के पास ट्रैक पर किसी जानवर के आ जाने पर चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाया। इसके बाद इकदिल नहर पुल के पास ट्रेन का इंजन फेल हो गया। इस कारण ट्रेन करीब एक घंटे तक बीच रास्ते में खड़ी रही। परेशान यात्री ट्रेन से नीचे उतरकर ट्रेन के चलने का इंतजार करने लगे। चालक ने टूंडला कंट्रोल को सूचना दी। इस पर कंट्रोल से इटावा में प्लेटफार्म नंबर चार पर खड़ी मालगाड़ी का इंजन भेजकर विक्रमशिला एक्सप्रेस को इकदिल नहर से लेकर इटावा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर दोपहर करीब12:15 बजे लाया गया। इसके बाद करीब सवा घंटे तक ट्रेन के इटावा स्टेशन पर खड़ी रही। उसे प्लेटफार्म नंबर सात पर खड़ी मालगाड़ी का इंजन लगाने के बाद दोपहर 1:25 बजे दिल्ली के लिए रवाना किया गया। ट्रेन का भागलपुर से चलने का समय रात 11:15 बजे और आनंद विहार टर्मिनल पहुंचने का समय सुबह 7:40 बजे है। यात्रियों के मुताबिक ट्रेन भागलपुर से ही 40 मिनट की देरी से चली थी।
- इकदिल के पास विक्रमशिला का इंजन फेल
- 40 मिनट तक ट्रैक ठप रहा, दूरंतो, रीवा सहित कई ट्रेनें पीछे के स्टेशन पर रोकी गईं
- मालगाड़ी का इंजन लगाकर इटावा लाई गई ट्रेन, 2.25 घंटे बाद दिल्ली रवाना हुई
फोटो- 2 विक्रमशिला एक्सप्रेस के इंजन की कपलिंग लगाता कर्मचारी
3ं ट्रेन के इंजन में लगता मालगाड़ी का इंजन
4 ट्रेन से नीचे खड़े यात्रीगण
5 प्लेटफार्म पर खड़ी विक्रमशिला एक्सप्रेस
इंजन फेल होने पर रोकी गई कई ट्रेनें
भरथना। विक्रमशिला एक्सप्रेस में खराबी आने से अप मेन लाइन पर ही रुक गई। ट्रेन के रुकते ही इकदिल स्टेशन मास्टर ने इसकी सूचना टूंडला स्थित कंट्रोल रूम को दी। वहीं पीछे की ओर से आ रही 2259 दूरंतो एक्सप्रेस को करीब 11:17 बजे इकदिल रेलवे स्टेशन पर रोका गया और भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर 2427 रीवा एक्सप्रेस 11:15 बजे रोकी गई।