जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं।
इकदिल थाना क्षेत्र के गांव मनियांमऊ निवासी बदन सिंह (36 ) पुत्र दिवारी लाल रविवार की देर शाम शौच के लिए हाईवे की ओर गया था। जब वह जेपी ढ़ाबा के पास सड़क के किनारे पैदल जा रहा थाष्। तभी बकेवर की ओर से तेज गति से आ रहे वाहन ने उसे रौंद दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके से चालक अपनी गाड़ी लेकर भाग गया। सूचना मिलने पर हाईवे मोबाइल की टीम मौके पर पहुंची। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्ट मार्टम कराया। उधर, बसरेहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत फर्रुखाबाद रोड पर चौबिया थाना क्षेत्र के गांव मूंज निवासी कीरी (30 ) पुत्र संतोष कुमार अपने साथी सुनील कुमार पुत्र मान सिंह के साथ बाइक से बसरेहर आ रहा था। थाने के पास तेजी से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इससे कीरी की मौके पर ही मौत हो गई। सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में पुुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
एक अन्य घटना में हाईवे के राध्रे-राधे ढाबा के पास दो बाइकों की भिड़ंत में ईशा पत्नी देवी दयाल निवासी लखना घायल हो गई। इकदिल थाना क्षेत्र के नगला बर में घर के बाहर खड़ी ज्ञान देवी पत्नी लाल बिहारी को पिकअप ने टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गई। भरथना चौराहे के पास तेजी से आ रहे ट्रक ने बाइक से जा रहे राजवीर पुत्र पंचम सिंह निवासी अशोक नगर को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। बकेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाइवे पर बाइक फिसलने से शैलेंद्र पुत्र दर्शन निवासी भीम नगर बकेवर घायल हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।