इटावा। नवरात्र के अंतिम दिन मंगलवार को हजारों भक्त कालीबांह मंदिर दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान पचराहा से मंदिर तक दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सुबह से लेकर दोपहर तक वाहन रेंगते रहे।
रास्ता संकरा और आड़े-तिरछे वाहन खड़े होने से समस्या रही। यातायात व्यवस्था गड़बड़ा गई और घंटों जाम लगने बाद भी ट्रैफिक पुलिस नहीं पहुंची। मूर्तियां विसर्जन करने के लिए भी लोग निकल पड़े। इसके कारण वाहनों की कतार लग गई। दोपहर बाद भीड़ कम होने पर जाम खुल सका।
पार्किंग न होना बड़ी समस्या
नौरंगाबाद बाजार, सिंधी बाजार सहित अन्य बाजारों में रास्ते संकरे हैं और पार्किंग नहीं है। ऐसे में त्योहारों के समय यहां जाम लगता है। दुकानदारों और ग्राहकों के वाहन सड़क पर खड़े होने से जाम लगता है।
स्टैंड के बाहर खड़ी रहती बसें
आदेशों का उल्लंघन कर बसें रोडवेज बस स्टैंड के बाहर सड़क पर खड़ी की जा रही हैं। इस कारण बस स्टैंड तिराहे पर रोजाना जाम लगता है। मंगलवार को भी यही स्थिति रही। सख्ती न होने के कारण बस चालक सवारी बैठाने के लिए मनमानी करते हैं।
चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। सड़क पर वाहनों को खड़ा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। - राम कुमार शर्मा, टीएसआई।