बसरेहर। चौबिया थाना क्षेत्र अंतर्गत इटावा-बरेली हाईवे पर बख्तियारपुर गांव के पास सवारियों से भरा ऑटो एंबुलेंस से भिड़ गया। हादसे में सात लोग घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को ऑटो से बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को सीएचसी पहुंचाया। यहां एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इकदिल के कास्तान मोहल्ला निवासी विनीता, दो बच्चों आयुष व श्लोक सहित बड़ी बहन सुनीता के साथ ऑटो से मायके जा रही थी। हादसे में सभी घायल हो गए। ऑटो सवार फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के विनीत विहार निवासी सरोज कुमारी, जनपद मैनपुरी के बेवर निवासी पंजाबी लाल और चौबिया के अवधेश कुमारी घायल भी हो गईं। बसरेहर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. विकास सचान ने बताया कि अवधेश कुमारी की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।