अमर उजाला ब्यूरो
(इटावा)।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर शनिवार रात बाइक सवार दंपति को वाहन ने कुचल दिया। हादसे में फौजी पति की मौत हो गई जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
कुशीनगर जिले के अहरौली बाजार थाना क्षेत्र के गांव छपिया विनांवा निवासी धीरज सिंह(30) पुत्र गंगा सागर सिंह फौजी हैं। उनकी तैनाती हिसार में थी। वह छुट्टी पर घर आए थे। शनिवार शाम पांच बजे वह हिसार जाने के लिए पत्नी ज्योति के साथ बाइक से निकला था।
रात करीब दो बजे चौबिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेस वे पर चौपला के पास किसी वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दंपति सड़क पर गिर पड़े। उधर से गश्त पर निकली यूपी 100 दोनों को जिला अस्पताल ले गई। एसओ चौबिया इंद्र पाल सरोज को घटना की जानकारी दी। वह भी मौके पर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने धीरज को मृत घोषित कर दिया। ज्योति को गंभीर हालत में पीजीआई भेज दिया। मृतक के परिजन इटावा आ गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घायल ज्योति को भी अपने साथ ले गए।
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर चौपला के पास वाहन ने मारी टक्कर, पत्नी गंभीर