रोडवेज चालकों ने सिपाही को पीटा
इटावा। रोडवेज बस स्टैंड तिराहे पर सड़क के बीचोंबीच सवारियां भरने से रोकने पर रोडवेज बस चालकों और परिचालकों ने ट्रैफिक सिपाही को पीट दिया। सूचना पर अन्य सिपाही पहुंचे, लेकिन तब तक चालक बस लेकर भाग निकले।
गुरुवार शाम बस स्टैंड तिराहे के पास रोडवेज की बस नंबर यूपी 77 टी 7366 का चालक व परिचालक बीच सड़क पर बस खड़ी कर सवारियां भरने लगा। इससे तिराहे पर जाम लग गया। ड्यूटी पर तैनात सिपाही योगेश कुमार ने चालक से बस हटाने को कहा, इसपर सिपाही से उनका विवाद हो गया। ये देख वहां खड़े अन्य बस चालक व परिचालक एकत्रित हो गए।
उन्होंने सिपाही को पीटना शुरू कर दिया। इसमें सिपाही की वर्दी भी बुरी तरह फट गई। राहगीरों ने सिपाही को छुड़ाया। सूचना पर टीएसआई सुभाष यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक बस चालक अपनी बसें लेकर भाग गए। सिपाही ने थाने में चालक, परिचालक और उनके चार-पांच साथियों के खिलाफ बीच सरकार काम में बाधा डालने, मारपीट और वर्दी फाड़ने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
- बस स्टैंड तिराहे पर बस खड़ी करने से रोका था, चार-पांच चालकों के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो