जिला अस्पताल में एक कंपनी के अधीन काम करने वाले कर्मचारियों को 30 मार्च को कार्यमुक्त करने का नोटिस दिए जाने से परेशान पीड़ितों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें कर्मचारियों का हित संज्ञान में लेते हुए उचित कार्यवाही करने की मांग की गई है।
स्वास्थ्य विभाग में काम करने वाले ठेका कर्मचारी अरुण कुमार पाल ने बताया कि जिला अस्पताल में उप्र हैल्थ स्टेंथ सिस्टम प्रोजेक्ट में एक कंपनी के अधीन 68 कर्मचारी कार्यरत हैं। 28 फरवरी को समस्त कर्मचारियों को आगामी 30 मार्च को कार्यमुक्त करने का नोटिस मिलने के बाद उनके सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है।
इतने कर्मचारियों को अचानक कार्यमुक्त किए जाने से जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ेगा। बताया ज्ञापन देने से पूर्व जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से जिलाधिकारी को ज्ञापन दिए जाने की अनुमति मिलने के बाद कर्मियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नन्हे लाल यादव को सौंपा।
इसमें अपनी रोजी रोटी को बचाए रखने की गुहार लगाई है। इस दौरान भामिनी वर्मा, अनीश कुमार, रवि कुमार, मोहित चौहान, अनुपम, अवधेश सिंह, हिमांशु प्रताप सिंह, विनय कुमार, भूपेंद्र सिंह, बलराम सिंह,दीपक भदौरिया, राहुल कुमार, स्नेहलता सक्सेना, जिनेंद्र, शैलेंद्र, संजू आदि उपस्थित रहे।