इटावा। सिक्सलेन हाईवे पर बिजौली गांव के सामने सर्विस रोड धंसने से हादसे की आशंका बनी हुई है। हाईवे के पुल की मरम्मत की वजह से एक माह से इसी सर्विस रोड से वाहनों की आवाजाही हो रही थी। इससे यह रोड सराय मिट्ठे गांव के पास धंस गई। गांव के प्राइमरी व जूनियर स्कूल के सामने सर्विस रोड धंसने से हादसे की आशंका बनी हुई है। हालांकि प्राइमरी स्कूल की प्रधानाध्यापिका की शिकायत के बाद सोमवार से तहसीलदार ने सर्विस रोड से वाहनों की आवाजाही रुकवा दी।
प्रधानाध्यापिका नीलम देवी ने सोमवार को स्कूली बच्चों के साथ हादसे की आशंका जताते हुए तहसीलदार भरथना से शिकायत की। बताया कि प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय स्कूल की बाउंड्री नहीं है और यह हाईवे के सिक्सलेन से सटे हुए है।
तहसीलदार के आदेश पर मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल अर्जुन सिंह ने बिजौली के आगे कुणाल ढाबा के सामने सर्विस रोड पर बल्ली बंधवाकर वाहनों का आवागमन बंद करा दिया। ऐसी स्थिति में सारे वाहन सराय मिट्ठे की ओर न जाकर कुणाल ढाबा के सामने सर्विस रोड से सिक्सलेन होकर गुजर रहे हैं।
ग्रामीणों में एनएचएआई व निर्माण कराने वाली कंपनी के अधिकारियों के प्रति गहरी नाराजगी है। ग्राम सराय मिट्ठे निवासी राजेेंद्र बाबू त्रिपाठी ने बताया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता की कमी के चलते सर्विस रोड धंस रही है। अधिकारी अनजान बने हैं।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी भरथना एनपी मौर्य का कहना है कि कुणाल ढाबा के पास सर्विस रोड पर लाल झंडी लगवा कर वाहनों को डायवर्जन कराया गया है। इस बारे में एनएचएआई के अधिकारियों से बात की जा रही है। समस्या का तत्काल हल कराने को कहा गया है ।