डिवाइडर से टकराकर पलटी बाइक, एक की मौत
बसरेहर। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर नगला सवी पूर्वी गांव के पास एक बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। हेलमेट न लगाए होने से तीनों के सिर में चोटें आईं हैं।
औरैया के बिधूना निवासी अमन 25 पुत्र रहीस बाइक से सौरिख से करहल जा रहे थे। उनके साथ मैनपुरी जिले के करहल निवासी मोहम्मद शमीम पुत्र मोहम्मद शौकीन और लल्ला सिंह पुत्र अहजाद अली भी थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 120 पर तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में अमन की मौके पर मौत हो गई और दोनों साथी घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस व यूपीडा की एंबुलेंस लेकर हरगोविंद मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस से दोनों घायलों को मिनी पीजीआई सैफई में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अमन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।