इटावा। बीएसएनएल के नार्दर्न टेलीकॉम रीजन (एनटीआर) में बुधवार को शाम पांच बजे आई गड़बड़ी से जिले की ब्रॉडबैंड सेवा ध्वस्त हो गई। नेटवर्क न आने से उपभोक्ता परेशान रहे। जिले में करीब ढाई हजार लोग बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड सेवा से जुड़े हैं। इनमें सरकारी दफ्तरों, कारोबारी और आम लोग भी शामिल हैं। आंगनबाड़ी यूनियन के प्रांतीय नेता अमर सिंह शाक्य ने बताया कि बीएसएनएल दफ्तर में फोन लगाया लेकिन रिसीव नहीं हुआ। नेटवर्क गड़बड़ाने से जरूरी ईमेल नहीं भेज सके। इस संबंध में दूर संचार जिला प्रबंधक एके गुप्ता ने बताया कि एनटीआर में कोई गड़बड़ी आई है, जिससे सेवा बाधित हुई है। उच्चाधिकारियों से संपर्क किया है। जल्द ही सेवा बहाल हो जाएगी। ब्यूरो