इटावा। बारिश और तेज हवा से शनिवार रात शहर के करीब 15 मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। बिजली के बीच करीब पांच हजार की आबादी अंधेरे में रही। सुबह नौ बजे से 11 बजे के बीच आपूर्ति सुचारू हो सकी।
रामलीला बिजली उपकेंद्र से जुड़ा इंसुलेटर राधिका स्टेट के पास शनिवार रात फुंक गया। इससे रामलीला रोड समेत करीब 10 मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। इससे रातभर लोग अंधेरे में रहे। सुबह करीब 9:35 पर इंसुलेटर बदलने के बाद बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। वहीं, नौरंगाबाद में भी फॉल्ट होने से रातभर गुरु तेग बहादुर से जुड़ी करीब पांच मोहल्लों की आपूर्ति बंद रही।
सुबह फॉल्ट सही होने के बाद आपूर्ति सुचारू हो सकी। करीब तीन घंटे तक आपूर्ति मिलने के बाद लगभग 12 बजे फिर बिजली गुल हो गई। इससे नौरंगाबाद करौल समेत कई मोहल्लों के लोग परेशान रहे। उधर, सरायभूपत क्षेत्र में भी शनिवार रात को बिजली आपूर्ति बाधित रहने से गांव के लोग परेशान रहे।
इन मोहल्लों की आपूर्ति रही बाधित
एकता कॉलोनी, न्यू एकता कॉलोनी, रामलीला, देशरमऊ, विकास कॉलोनी, राजपूत कॉलोनी, होमगंज, करौल मोहल्ला, कूचाशीलचंद्र, नौरंगाबाद चौराहा, कहारनपुर, साबित गंज समेत करीब 15 मोहल्लों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बारिश और तेज हवा से कुछ जगह फॉल्ट होने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। सुबह बारिश रुकने पर सभी फॉल्ट सही कराकर आपूर्ति को सुचारू करा दिया गया।
- संदीप अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता