अमर उजाला ब्यूरो
इटावा।
किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज आसानी से सुलभ कराने के लिए गठित चार टीमों ने बीज की दुकानों पर छापेमारी की। जिले में स्थापित दो राजकीय एवं 16 निजी बीज विधायन संयंत्रों पर अचानक छापे डालकर संयंत्रों के अभिलेखों की जांच की गई। जांच में अभिलेख/उपलब्ध बीज सामग्री संदिग्ध पाए जाने पर आठ बीज विधायन संयंत्रों को सील कर दिया गया।
डीएम सेल्वा कुमारी जे ने बताया कि उत्तम सीड्स जसवन्तनगर के अभिलेखों की जांच के दौरान बीज प्रमाणीकरण संस्था के संदिग्ध टैग पाए जाने पर फर्म मालिक से पूछताछ में टैग छापने वाली प्रेस की जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि यह टैग माया प्रेस, जसवन्तनगर में छापे गए हैं। माया प्रेस के स्वामी से पूछताछ करने पर पता चला कि कथित टैग सानन्द प्रेस, जसवन्तनगर से छपवाते हैं। सानन्द प्रेस के स्वामी मौके पर नहीं मिले। इस कारण संदिग्ध मानते हुए सानन्द प्रेस को मौके पर ही सील किया गया। साथ ही उत्तम सीड्स के स्वामी के विरुद्ध थाना जसवन्तनगर में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई। फ र्जी टैग पाए जाने से बड़े पैमाने पर नकली बीज तैयार करने के रैकेट होने की आशंका है। शेष 10 बीज विधायन संयंत्रों के अभिलेख अधूरे पाये जाने पर उन्हें वांछित समस्त अभिलेख तीन दिन के अंदर जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि यह इस रैकेट की गहनता से जांच की जा रही है। अनुमान है कि इस रैकेट ने करोड़ों रुपये के सरकारी धन का दोहन किया है।
ये संयंत्र सील हुए
मैसर्स आरएस सीड्स फर्म चौबिया, मैसर्स चंदन सीड्स फर्म चौबिया, मैसर्स राजा सीड्स फार्म सुंदरपुर रोड, इटावा, मैसर्स खूशबू सीड्स फर्म, ग्वालियर बाईपास, इटावा, मैसर्स आक्सीग्रो एग्रोटेक प्रालि, इटावा स्थान भालासैया, सैफ ई, मैसर्स उत्तम सीड्स, नगला खुमान, जसवन्तनगर, मैसर्स स्वामी सीड्स, केवाला महेराचुंगी, इटावा, मैसर्स नर्मदा सीड्स रेलमण्डी, जसवन्तनगर, विधायन संयंत्रों को सील किया गया है।
- गोदामों, दुकानों पर छापेमारी, आठ बीज केंद्र सील
- डीएम के आदेश पर जिले भर में एक साथ हुई छापेमारी
- बीज विधायन संयंत्रों में मिला गोलमाल