भरथना। तहसील क्षेत्र के गांव तिलयानी (थरी) में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 130 बीघा खेत आग की जद में आ गए और खेतों में खड़ी गेहूं की तैयार फसल राख हो गई। इस भीषण अग्निकांड में दस से अधिक किसानों की मेहनत मिट्टी में मिल गई। आशंका जताई जा रही है कि हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से आग लगी है।
तेज हवाओं के चलते आग तेजी से एक खेत से दूसरे खेत में फैलती चली गई। कुछ ही देर में पूरे इलाके में ऊंची-ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। यह देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। किसानों व अन्य ग्रामीण बाल्टियों से पानी डालकर आग पाने का प्रयास किया लेकिन हवाओं के बीच आग और विकराल होती जा रही थी। इसी बीच ग्रामीणों ने दमकल को भी घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने दो घंटे की लगातार मशक्कत के बाद जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद खेतों में सिर्फ राख और जली हुई फसल के अवशेष ही शेष रह गए थे।
आग की इस भीषण घटना में गांव के राम किशोर, विनोद, प्रमोद, बांकेलाल, दिनेश ठाकुर, अशोक, रतन, जनवेद, कुलदीप, राजकुमार, राम शंकर तिवारी, विपिन, प्रयाग नारायण तिवारी आदि किसानों की फसल का एक दाना भी खेतों में नहीं बचा। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। कुछ लोग खेतों के पास से गुजर रही बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट की आशंका जता रहे हैं जबकि कुछ का मानना है कि किसी चिंगारी या लापरवाही के कारण आग भड़क सकती है।
वहीं इस पूरे मामले पर तहसीलदार दिलीप कुमार ने बताया कि मौके पर लेखपाल रामनरेश को भेजा गया है।
किसान दिनेश कुमार की 40 बीघा खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जल गई है। दिनेश ने बताया कि 27 अप्रैल को उसकी बेटी की शादी है। वह पूरी तरह से इस गेहूं की फसल पर ही निर्भर थे और फसल को बेचकर बेटी के विवाह के लिए सामान आदि खरीदने की तैयारी में थे। अब उसके खेत में गेहूं का एक दाना तक नहीं बचा है। उसे यह समझ में नहीं आ रहा कि वह अब बेटी के विवाह की तैयारी कैसे करेंगे।
भरथना। थाना क्षेत्र के सिरकौरा गांव में सोमवार दोपहर गेहूं की खड़ी फसल में आग लगने से करीब 35 बीघा फसल जलकर राख हो गई। आग लगने का कारण हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी बताया जा रहा है। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही समय में कई खेतों तक पहुंच गई। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए साथ ही दमकल को भी घटना की सूचना दी। ग्रामीणों की तत्परता के चलते दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। हालांकि तब तक करीब 35 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग की इस घटना में किसान अशोक यादव की 10 बीघा, जबकि संजेश कुमार, मनोज और अनुज की कुल मिलाकर 25 बीघा फसल जल गई। किसानों ने प्रशासन से मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।